शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर रामनगर कॉलोनी के पास क्षेत्र के गांव नगला प्रथि उर्फ नगरिया निवासी बाइक सवार सूरजपाल (35) को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इसमें सूरजपाल की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस के अंदर डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम होने के बाद शव घर ले जाने के लिए सूरजपाल के बड़े भाई ओमपाल व उनके परिजन इंतजार कर रहे थे। पोस्टमार्टम में तैनात कर्मचारियों ने सूरजपाल के परिवार के सदस्य को आवाज लगाई। इसके बाद वहां पर भाई ओमपाल और अन्य परिजन पहुंचे। शव को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे।
शव को वाहन से उतार ही रहे थे। तभी पोस्टमार्टम हाउस के डॉक्टर ने सूरजपाल के भाई को फोन कर कहा कि बड़ी चूक हो गई। गलती से दूसरे युवक का शव दे दिया गया। फौरन शव वापस लाएं। इसके बाद परिजनों ने जब शव का चेहरा देखा। उसी वाहन से ओमपाल अनजान युवक का शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस गए। वहां उनको सूरजपाल का शव दिया गया। तब परिजन सूरजपाल का शव घर लेकर गए।
विलंब होने की वजह से शुक्रवार की रात करीब आठ बजे उसका अंतिम संस्कार किया गया। सीएमओ डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। पुलिस वेरीफिकेशन के बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाता है। परिजनों की जल्दबाजी के कारण गलती हो जाती है।