पुवायां। पुवायां के मोहल्ला छावनी स्थित काला मठ मंदिर में शनिवार को हिंदू युवा संगठन (अ) की ओर से मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस बीच अधिकारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने मजार के गेट के लिए दीवार तोड़ने और मूर्तियां क्षतिग्रस्त करने की जांच की मांग की।
मंदिर का पर्यटन विभाग की ओर से सुंदरीकरण कराया जा रहा है। परिसर में एक मजार का गेट सड़क पर लगाने के लिए दीवार तोड़ी गई है। हिंदू युवा संगठन की ओर से शनिवार को मंदिर परिसर में सुंदरकांड के पाठ के आयोजन की बात कही गई थी। थाने में संगठन के राजेश अवस्थी, अवनीश मिश्रा, कमल दीक्षित, नगरपालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता, एसडीएम चित्रा निर्वाल, सीओ प्रवीण मलिक आदि के बीच वार्ता हुई।
एसडीएम ने कहा कि जांच के बाद ही कोई कार्यक्रम आयोजित हो सकेगा। संगठन के लोगों ने कहा कि सुंदरकांड का पाठ न कर वे लोग शांतिपूर्ण ढंग से हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इसके बाद अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ और आरती की।
-
हिंदू युवा वाहिनी ने मूर्तियां खंडित करने की बात को बताया गलत
काला मठ मंदिर प्रकरण में शनिवार को हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि मंदिर परिसर में ही मौलवी अहमद उल्ला शाह की मजार है। कुछ लोग मूर्तियां खंडित करने की बात कह रहे हैं जो गलत है। वहां पर घरों से लाईं गईं खंडित मूर्तियां रखीं हुईं हैं। ज्ञापन में अराजकतत्वों पर कार्रवाई की मांग की गई है। मोहल्ला छावनी की नगरपालिका सदस्य सपना वर्मा के नेतृत्व में मोहल्ले के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि उन लोगों को मजार और मंदिर के सुंदरीकरण में कोई समस्या नहीं है। बाहरी लोग आकर विवाद कर रहे हैं और झूठे आरोप लगा रहे हैं। आरोपियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
खंडित मूर्तियों के मामले में जांच की मांग की गई है। डीएम अवकाश पर हैं। उनके आने पर जिलास्तरीय टीम गठित होने के बाद जांच होगी। शनिवार को मंदिर परिसर में शांतिपूर्ण तरीके से हनुमान चालीसा का पाठ हुआ है।
- चित्रा निर्वाल, एसडीएम पुवायां
जन सहयोग से मंदिर बना था। अब सुंदरीकरण हो रहा है। शनिवार को वार्ता हुई है। खंडित मूर्तियों के मामले में जिला प्रशासन की टीम जांच करेगी। सभी के सहयोग और सहमति से निर्माण कार्य कराया जाएगा।
- संजय गुप्ता, अध्यक्ष नगरपालिका पुवायां
पुवायां के काला मठ मंदिर में हनुमान चालीसा से पूर्व लगी भीड़। संवाद