शाहजहांपुर। पानी भरकर लौट रही पांच साल की बच्ची की शुक्रवार सुबह बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को वापस घर भेज दिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना रोजा क्षेत्र के गांव सरई निवासी अरुण प्रकाश की पांच साल की बेटी सुनहरी शुक्रवार सुबह करीब दस बजे घर के सामने लगे नल से पानी भरकर घर लौट रही थी। पास में लगे बिजली के खंभे में करंट आ रहा था। बच्ची का हाथ खंभे में छू गया। करंट की चपेट में आकर बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची की मौत पर परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक महीने के दौरान करीब तीन-चार बार बिजली निगम को खंभा हटाने को लेकर प्रार्थना पत्र दे चुके थे। इसके बावजूद खंभा नहीं हटाया गया।
बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर ग्रामीणों के साथ परिजन मुआवजा, अधिकारियों को मौके पर बुलाने और खंभे को हटाने की मांग को लेकर लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने गांव पहुंचकर परिवार और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह शांत कराया।
बच्ची के पिता अरुण प्रकाश चेन्नई में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। बच्ची अपनी मां कुसुमा, बहन प्रतिज्ञा और छोटे भाई बॉबी के साथ दादी के घर रहती थी। मां कुसुमा ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सदर अरविंद कुमार ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर प्राप्त हो गई है। आगे की कार्रवाई तहरीर के आधार पर होगी।