मृतक बच्ची बबली का । फाइल फोटो
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जैतीपुर। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में मंगलवार शाम करीब चार बजे पड़ोसी के मकान के दरवाजे का छज्जा गिरने से छह साल की मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बंदरों ने छज्जे को हिलाया था।
पहाड़पुर के रहने वाले धर्मपाल ने बताया कि उसकी छह साल की बेटी बबली बग्गर नल पर नहाने के लिए गई थी। नहाकर शाम करीब चार बजे लौट रही थी। उस समय बारिश हो रही थी। तभी पड़ोसी रामसहाय के दरवाजे पर बीम सहित पड़ा छज्जा बंदरों ने झगड़ कर गिरा दिया। छज्जा बबली के ऊपर गिरा और वह दब गई। छज्जा गिरने की आवाज आसपड़ोस के ग्रामीणों ने सुनी तो घरों से बाहर निकलकर देखा। लोगों ने परिजन को आवाज दी। परिजन घर से बाहर आए तो देखा कि बच्ची मलबे में दबी हुई थी। सभी ने मलबे से बच्ची को बाहर निकाला। तब तक उसकी जान जा चुकी थी। बच्ची की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद