खुदागंज में रंग पंचमी पर लाट साहब के जुलूस में शामिल हुलियारे
- फोटो : SHAHJAHANPUR
खुदागंज। रंग पंचमी पर मंगलवार को क्षेत्र की जनता ने अबीर-गुलाल खेला। इस दौरान लाट साहब का जुलूस निकाला गया। इसमें क्षेत्र के लोग शामिल हुए। क्षेत्र में होली के बाद रंग पंचमी पर अबीर-गुलाल खेलने की परंपरा है। हर साल इस परंपरा को निभाया जाता है। मंगलवार को रंग पंचमी मनाई गई और लोगों ने दिल खोलकर अबीर-गुलाल खेला। परंपरा के अनुसार लाट साहब का जुलूस निकाला गया। जोकि विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा।
लाट साहब को गधे पर बैठाया गया। मोहल्ला लक्ष्मीपुर से लाट साहब का जुलूस निकाला। खुदागंज थाना परिसर में पहुंचने पर थाना इंचार्ज ने लाट साहब का स्वागत किया और इनाम दी। इसके बाद लाट साहब की सवारी आगे बढ़ी और पक्का तालाब, जैन मोहल्ला, मुख्य बाजार होकर कुचाई घाट पर पहुंचकर जुलूस का समापन हुआ। जुलूस की सुरक्षा में खुदागंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के साथ ही चार थानों का पुलिस बल एवं पीएसी, अग्निशमन के साथ भारी पुलिस बल रहा। जुलूस में भाजपा नेता व पूर्व चेयरमैन सुधीर सिंह आदि शामिल रहे।