मृतक मेवाराम का फाइल फोटो। स्रोत:परिजन
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर गांव निवासी 21 वर्षीय मेवाराम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने मेवाराम के चेहरे पर चोटें देख उनकी हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
नेतराम ने बताया कि भाई मेवाराम बोरिंग का काम करते थे। होली पर शुक्रवार रात मोहल्ले में बज रहे डीजे को बंद कराने की बात कहते हुए चौकी जाने के लिए निकला था। जब भाई वापस नहीं आया तो उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह करीब आठ बजे चिनौर तिराहा स्थित पार्क के पास एक लाश पड़ी होने की सूचना मिली। मौके पर गए तो देखा कि लाश भाई मेवाराम की थी। उसके माथे व नाक पर चोटें थीं।
आशंका है कि भाई की हत्या की गई है। नेतराम ने बताया कि पार्क के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। उन्हें चेक कराया जाए। इससे घटना का पता चल सके। बताया कि भाई की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन भाई के चेहरे की चोट से लग रहा है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है।
मृतक की मां लक्ष्मी, उनकी पत्नी सीमा शव को देख बिलख पड़ीं। परिजनों ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके तीन बच्चे हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया हादसा लग रहा है। कुछ दूर पर एक क्षतिग्रस्त बाइक भी मिली है। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।