फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: शराब पीकर हुए विवाद में युवक की सिर पर डंडा और ईंट मारकर हत्या

सार

शाहजहांपुर के कटिया टोला मोहल्ले में शराब पीने के विवाद में सुरेंद्र राठौर की उसके साथियों ने हत्या कर दी। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जांच जारी है।
विज्ञापन
राजकीय मेडिकल कॉलेज की मॉरचरी में रखे सुरेंद्र के शव को देख बिलख पड़ी उसकी बहन सरला। संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला कटिया टोला में बुधवार रात शराब पीकर हुए विवाद में युवक की उसके साथियों ने सिर पर डंडा और ईंट से वार कर हत्या कर दी। शव की पहचान तिलहर के पुराऊ गांव निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र राठौर के रूप में हुई। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन

सुरेंद राठौर करीब आठ साल से बाबा विश्वनाथ मंदिर के पास रैन बसेरे में रहता था और मेहनत-मजदूरी कर गुजर-बसर करता था। प्रत्यक्षर्शियों के अनुसार बुधवार रात दो युवकों के साथ बैठकर सुरेंद्र राठौर ने शराब पी। इसके बाद उसका युवकों से विवाद हो गया। जमकर मारपीट हुई। सुरेंद्र ने उसमें से एक युवक को धक्का दे दिया। जिससे वह नाली में गिर गया।
इसके बाद सुरेंद्र राठौर डंडा लेकर चला दिया। जैसे ही सुरेंद्र कटिया टोला मोहल्ले में पहुंचा। तभी पीछे से पहुंचे दोनों युवकों ने सुरेंद्र को घेरकर लात-घूंसों से पीटा। बताते हैं कि डंडा छीनकर उसके ही सिर पर कई वार किए। साथ ही सड़क से ईंट उठाकर सिर पर मार दी। इसके बाद दोनों वहां से भाग गए।
विज्ञापन

इस बीच उधर से गुजरे किसी व्यक्ति ने पीआरवी को सूचना दी। पीआरवी ने मौके पर पहुंचकर थाना सदर बाजार पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद घायल सुरेंद्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। जहां उपचार के दौरान सुरेंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने बाबा विश्वनाथ मंदिर के पास पहुंचकर पूछताछ की।
रैन बसेरे में ही रहने वाली ऊषा नाम की महिला ने उसका नाम-पता बताया। तब पुलिस ने सुरेंद्र के परिजनों को जानकारी दी। बृहस्पतिवार की सुबह पहुंचे परिजन शव को देखकर बिलख पड़े। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। मामले में एक कबाड़ी का नाम सामने आया है। उसकी तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

मारपीट की घटना सीसी कैमरे में हुई कैद
सुरेंद्र राठौर की मौत के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों को खंगाला। बताया जा रहा है कि एक स्थान पर लगे सीसी कैमरे में दो युवक सुरेंद्र से मारपीट करते हुए दिख रहे हैं। इसमें मारपीट करने वाला एक कबाड़ी है। पुलिस ने कबाड़ी की तलाश में टीम गठित कर दी है। इस घटना के बाद रैन बसेरे में रहने वाले लोग दिनभर घटना की आपस में चर्चा करते दिखे, लेकिन जब भी कोई पूछताछ के लिए पहुंचा। सभी ने चुप्पी साध ली।

पत्नी-बच्चे की हो गई थी मौत, आठ साल से शहर में रह रहा था सुरेंद्र
मृतक की बहन सरला ने बताया कि भाई सुरेंद्र राठौर ने करीब 15-16 साल पूर्व बंगाल की एक युवती के साथ शादी की थी। करीब पांच साल बाद प्रसव के दौरान भाई की पत्नी व उसके बच्चे की मौत हो गई। इसके कुछ साल बाद पिता की मौत हो गई। वह अपनी एक एकड़ जमीन व मकान बेचकर शहर चला आया। करीब आठ साल से शहर के बाबा विश्वनाथ के पास रैन बसेरे में रहता था। अपना खर्च पूरा करने के लिए पुलिसकर्मियों के भी निजी काम कर देता था।

बहन बोली- आरोपी को मिले कड़ी सजा, तभी मिलेगा सुकून
परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र इकलौता पुत्र था। उसकी बहन सरला देवी की शादी सेहरामऊ दक्षिणी के गुर्रा गांव निवासी सियाराम व कमला की शादी हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव के संतराम के साथ हुई है। कुछ साल पूर्व सुरेंद्र की बहन कमला की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे सुरेंद्र की मौत की सूचना बहनोई सियाराम को दी गई। इसके बाद राजकीय मेडिकज कॉलेज पहुंची बहन सरला देवी भाई के शव को देखकर बिलख पड़ी। बोली-शहर में रहने के लिए बहुत मना किया, लेकिन भाई नहीं माना। भाई को बहुत बेरहमी से मारा गया है। आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले, तभी दिल को सुकून मिलेगा।

हिरासत में लिए संदिग्ध से चल रही पूछताछ
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि रात 11 बजे पीआरवी के माध्यम से थाना सदर बाजार पुलिस को एक युवक के घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अब तक की जांच में पाया गया कि कुछ लोगों से युवक की मारपीट हुई थी। सीसी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। प्रेमपाल नाम के संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।

मृतक के बहनोई ने दी तहरीर

थाना सदर बाजार इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मृतक सुरेंद्र के बहनोई सियाराम ने हत्या का आरोप लगाते हुए प्रेमपाल व विपिन के खिलाफ तहरीर दी है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें