कान कटने से गंभीर घायल पुवायां निवासी 17 वर्षीय रिंकू। संवाद
पुवायां। थाने से चंद कदम की दूरी पर युवकों ने दबंगई दिखाते हुए किशोर को पीटकर उसका कान दांतों से काटकर अलग कर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी जबरन किशोर को हाईवे किनारे ले गए और जमकर पीटा। कान कट जाने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर आरोपियों की बाइक को थाने से बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। सीओ के आदेश पर 18 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
मोहल्ला कुरगंजा निवासी राजेश कुमार के पुत्र 17 वर्षीय रिंकू ने बताया कि वह 17 अगस्त की रात थाने के पास रोड पर हो रहे जन्माष्टमी कार्यक्रम को देखने गया था। वहां कुछ युवकों ने बैठने को लेकर उससे विवाद करते हुए पकड़ लिया और भीड़ से दूर लाकर पिटाई करते हुए दाहिने कान को दांतों से काटकर फेंक दिया। इसके बाद उसे जबरन एक बाइक पर बिठाकर पुवायां मोहम्मदी हाईवे किनारे ले जाया गया और वहां भी मारपीट की गई। छह आरोपी थे।
रिंकू के दोस्तों ने उसके घर जाकर सूचना दी तो उसकी मौसी ने पुलिस बुलाई और हाईवे किनारे पहुंचीं तो तीन आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस घायल के साथ ही तीन आरोपियों और एक बाइक को थाने लाई। इस दौरान दो आरोपी थाने के गेट से ही पुलिस को चकमा देकर भाग गए। इसके बाद परिजनों ने कान की तलाश की तो वह रोड किनारे पड़ा मिल गया। इसके बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
सोमवार को बाइक भी बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया। एक आरोपी पुलिस हिरासत में है। कार्रवाई नहीं होने पर रिंकू परिजनों के साथ समाधान दिवस में सीओ से मिला। सीओ प्रवीण मलिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए, तब जाकर 18 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज हो सकी और मेडिकल कराया गया। सीओ ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।