पर्यटन मंत्री को पत्र साैंपते केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद। स्रोत : मीडिया प्रभारी
शाहजहांपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने वाणिज्य भवन स्थित अपने मंत्रालय में उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात की। जितिन प्रसाद के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र ने बताया कि मुलाकात के दौरान जितिन प्रसाद ने पर्यटन मंत्री से जलालाबाद स्थित श्री परशुराम जन्मस्थली को दिव्य-भव्य बनाने के लिए किए गए जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण के कार्यों पर भी विस्तृत चर्चा की।
जितिन प्रसाद ने अवगत कराया कि भगवान श्री परशुराम की जन्मस्थली के प्राचीन मंदिर क्षेत्र के समेकित पर्यटन विकास एवं सुंदरीकरण के लिए विभाग की ओर से 19.02 करोड़ रुपये की धनराशि जो पूर्व में स्वीकृत की गई थी, उससे कार्य जारी है। उनके जन्मस्थली भ्रमण के दौरान उन्हें कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने अवगत कराया था कि समेकित विकास के लिए पूर्व में स्वीकृत धनराशि के अतिरिक्त और धनराशि की भी आवश्यकता है।
जितिन ने अतिरिक्त धनराशि एवं वर्तमान में जारी विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करने के लिए पर्यटन मंत्री को पत्र सौंपा है। संवाद