शाहजहांपुर में पोस्टमॉर्टम हाउस पर मैना देवी के बहनोई व भतीजे में होता विवाद। संवाद
तिलहर। रानी खिरिया गांव में बड़ी बहन के घर रह रही मूकबधिर मैना देवी (40 वर्ष) की बुधवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चचेरे भाई ने उसके नाम दर्ज आठ बीघा जमीन को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव बसुआ मई निवासी लज्जाराम ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनकी तहेरी बहन मैना देवी बचपन से ही गूंगी-बहरी थी। उसका विवाह बीसलपुर के गांव शिवपुरिया निवासी राम भजन से हुआ था। कुछ दिन बाद ही उसके पति की मौत हो गई।
उसकी कोई संतान नहीं है। इस पर वह उसे अपने घर ले आए और 20 साल तक अपने पास रखा। दो माह पहले उसकी बड़ी बहन उसे जबरन अपने घर रानी खिरिया लेकर चली गई। बुधवार की शाम उन्हें मैना देवी की मौत हो जाने की सूचना मिली।
उनका आरोप है कि बृहस्पतिवार को वह रानी खिरिया पहुंचे तो मैना की बहन और बहनोई ने शव को देखने भी नहीं दिया। उन्होंने मैना देवी की मौत को संदिग्ध बताते हुए उसका पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की।
तहरीर में आरोप है कि आठ बीघा जमीन के लालच में मैना के साथ कुछ अनहोनी कर दी गई है। इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि मृतका कैंसर से पीड़ित थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमॉर्टम हाउस में भिड़ गया भतीजा और फूफा
-मैना देवी की मौत पर उनके बहनोई और भतीजा पोस्टमॉर्टम हाउस पर भिड़ गए। चचेरे भाई लज्जाराम व भतीजे विपिन ने बताया कि तीन महीने पहले बहनोई ओमप्रकाश जबरन मैना देवी को साथ ले गए थे। उन्होंने उठाकर ले जाने का वीडियो भी दिखाया। बीमारी होने पर उपचार नहीं कराया। इसके चलते उनकी जान चली गई। लोगों ने बीचबचाव कर उन्हें शांत किया।
शाहजहांपुर में पोस्टमॉर्टम हाउस पर मैना देवी के बहनोई व भतीजे में होता विवाद। संवाद