मीरानपुर कटरा में घटना की जानकारी देता प्रयांशु। संवाद
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। मोहल्ला कोरियान में खेलते समय हुए विवाद में 13 वर्षीय किशोर ने सात वर्षीय बालक के ऊपर पेट्रोल भरी जलती बोतल फेंक दी। इससे बालक का पैर झुलस गया। घटना के बाद किशोर भाग गया। गंभीर रूप से पैर झुलसने पर बालक को सीएचसी पर भर्ती कराया गया। यहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
घटना बुधवार की शाम छह बजे की है। कोरियान मोहल्ले के महिपाल का सात वर्षीय बेटा प्रयांशु एक किशोर के साथ खेल रहा था। किसी बात को लेकर दोनों में मारपीट हो गई। प्रयांशु का आरोप है कि किशोर ने गेट पर खड़ी बाइक से पेट्रोल निकाला। उसके बाद उसके घर पर पहुंचा।
प्रयांशु के अनुसार, पेट्रोल भरी बोतल में आग लगाकर उसकी ओर फेंक दी। उसके पैर पर बोतल गिरने से वह बुरी तरह से झुलस गया। लपटें उठती देखकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और मोहल्ले के लोगों ने कंबल डालकर आग को बुझाया। झुलसे प्रयांशु को लेकर महिपाल थाने पहुंचे। उन्होंने महिला कांस्टेबल को पूरी बात बताई, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उसे थाने से टरका दिया गया। कहा कि साहब के आने पर थाने आना।
उसके बाद प्रयांशु को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक सुखपाल सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर जुगलकिशोर पाल उच्च न्यायालय गए हुए हैं। उन्हें घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पिता ने लगाया पेट्रोल फेंककर आग लगाने का आरोप
थाने पर प्रयांशु को झुलसी अवस्था पर लेकर आए महिपाल ने पुलिस को बताया कि विवाद के बाद प्रयांशु के ऊपर पेट्रोल फेंककर आग लगाई गई। बाद में प्रयांशु ने जलती हुई पेट्रोल भरी बोतल फेंकने की बात कही। बताते हैं कि मोहल्ले का मामला होने के चलते दोनों पक्षों में आपसी सहमति भी बन गई है।