एसएस कॉलेज के वाणिज्य संकाय में मेधावी सम्मानित
- कॉमर्स एक ऐसा विषय है, जो रोजगार के साथ स्वरोजगार बनाता है: प्रो. प्रेम
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। एसएस कॉलेज के वाणिज्य संकाय में कॉमर्स और बीबीए के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने अतिथियों को भी वस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सुनीता गुलाटी को टॉपर ऑफ टॉपर्स का अवार्ड दिया गया।
स्वामी शुकदेवानंद स्मृति सभागार में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अवध विश्वविद्यालय फैजाबाद के कॉमर्स विभाग के डीन प्रो. प्रेम मोहन ने विशिष्ट अतिथि श्री सत्यपाल सिंह यादव महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामाधार दीक्षित के साथ बीकॉम प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष तथा बीबीए के टॉपर्स को गोल्ड मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा कक्षाओं के टॉप-10 छात्र-छात्राओं को भी मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसी श्रंखला में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर से वृहद शोध परियोजना के लिए चयनित वाणिज्य संकाय के प्रवक्ता डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. दीपक मिश्रा और डॉ. केके वर्मा को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. प्रेम मोहन ने कहा कि कॉमर्स एक ऐसा विषय है, जो रोजगार के साथ स्वरोजगार भी बनाता है। विशिष्ट अतिथि एसडीएम सदर जयनाथ यादव ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है, इसलिए युवाओं को शिक्षा और कठोर परिश्रम केमाध्यम से स्वयं को सशक्त बनाना चाहिए, ताकि वह अपेक्षाओं पर खरा उतर सकें। विशिष्ट अतिथि डॉ. रामाधार दीक्षित ने जो छात्र सोते हुए सपने देखते हैं, वह सोते ही रहते हैं, जबकि जागती आंखों से सपने देखकर नींद उड़ाने वाले कामयाब होते हैं। अतिथियों को स्वागत इंदरप्रीत कौर, सौम्या पांडेय, आकांक्षा मिश्रा, नेहा द्विवेदी, स्मृति रस्तोगी, दीक्षा रस्तोगी, शिवानी चतुर्वेदी, अफशान आदि छात्राओं ने चंदन तिलक लगाकर किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र, विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग अग्रवाल आदि ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. गौरव सक्सेना, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. विजय तिवारी, महिमा सिंह, खुशबू गुप्ता, नेहा सिंह, चंद्रभान त्रिपाठी, एसपी डबराल, डॉ. राम निवास गुप्ता आदि का योगदान रहा।