हम नहीं सुधरेंगे: एक बाइक पर सवार पांच लोग। संवाद
शाहजहांपुर। यातायात नियमों के पालन के लिए लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं। एक मई से 15 जून तक यातायात पुलिस ने 814 लोगों के चालान किए हैं।
मई में 450 चालान और 15 जून तक 364 चालान किए गए। वहीं, 15 जून तक बिना हेलमेट 2704, बिना सीट बेल्ट 90, नो-पार्किंग 646 व गलत दिशा में चलने के 49 चालान किए गए। मंगलवार को शहर के तिराहों-चौराहों पर अधिकतर बाइक चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दिए। कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था तो कोई तीन-तीन व चार-चार सवारी बैठाए हुए था।
बाइक सवारों को यातायात पुलिस का बिल्कुल भी खौफ नहीं दिख रहा था। पिछले माह चले अभियान में यातायात पुलिस ने कार्यक्रमों के जरिए लोगों को नियमों का पाठ पढ़ाया। जागरूक करने के लिए जिम्मेदारों ने अभियान चलाकर चालान किए। फूल देकर भी समझाया, लेकिन लोगों पर इसका असर नहीं दिख रहा है।
टीएसआई विनय पांडेय ने बताया कि हादसों में कमी लाने के लिए अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाता है। जनता से अपील है कि यातायात के नियमों का पालन करें। अपनी और दूसरों की जिंदगी को सुरक्षित करें।