जलालाबाद। साइबर ठगों ने गांव गुरगवां निवासी उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय के बैंक खाते में वेतन आने के 15 मिनट में ही 70 हजार रुपये उड़ा दिए। शनिवार को देर रात मोबाइल पर रकम निकाले जाने का मेसेज देखने पर उन्हें अपने साथ ठगी की जानकारी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिक्षक नेता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं और उनके पंजाब नेशनल बैंक में संचालित खाते में हर माह वेतन आता है। शनिवार की शाम 7:30 बजे उनके खाते में वेतन के 69 हजार 884 रुपये आने का मेसेज मिला। बाद में रात 7:45 बजे 70 हजार रुपये निकाल लिए गए।
रात करीब 11 बजे उन्होंने मेसेज देखा तब उन्हें रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। उन्होंने बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया तो बताया गया कि एटीएम कार्ड से रुपये निकाले गए हैं। उन्होंने बताया कि एटीएम कार्ड उनके पास है और उसका उन्होंने कई माह से उपयोग नहीं किया है।
इससे पहले न तो किसी अपरिचित से उनकी बात हुई और न ही किसी ने उनसे ओटीपी पूछा। गत 28 जुलाई को दोपहर मोबाइल पर काल तथा व्हाट्सएप मेसेज आया था, जिसमें मोबाइल बैंकिंग सेवा लेने के लिए पीएनबी वन एप अपडेट कराने के लिए कहा गया था। उन्होंने यह एप डाउनलोड कर लिया, लेकिन इसके बाद किसी से उनकी बात नहीं हुई। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि प्रकरण जांच के लिए साइबर क्राइम के प्रभारी रवि कुमार को सौंपा गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद