खुटार। कोरोना वायरस से बचाव के लिए ग्रामीण पूरी तरह से सतर्कता बरत रहे हैं। इसके लिए वे लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। इसी क्रम में पंजाब से आए सात श्रमिकों को गांव के लोगों ने पहले जांच कराने को कहा। हालांकि जांच में किसी को कोराना के लक्षण नहीं मिले। सभी को गांव के बाहर स्कूल में क्वारंटीन किया गया है।
गांव सरेली निवासी अरुण कुमार, हरवंश, अनिल, सुनील, सुभाष, अंकित, कलक्टर दो माह पहले पंजाब में गन्ने की छिलाई और गेहूं की कटाई के लिए गए थे। बुधवार को सभी श्रमिक गांव लौटे तो गांव वालों ने पहले मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही। श्रमिकों को गांव के स्कूल में रोक दिया गया। बृहस्पतिवार को प्रधान अनिल कुमार सभी श्रमिक को लेकर खुटार के सरकारी अस्पताल पहुंचे और उनका मेडिकल परीक्षण कराया। किसी श्रमिक में बीमारी के लक्षण नहीं मिले। जांच के बाद श्रमिकों को गांव के स्कूल में क्वारंटीन किया गया है। प्रधान को देखरेख और भोजन मुहैया कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि श्रमिकों को हिदायत दी गई है कि 14 दिन तक स्कूल में ही रहें। श्रमिकों को राशन, बिस्तर और अन्य घरेलू वस्तुओं को उपलब्ध करा दिया गया है। श्रमिकों ने बताया कि वे लोग काफी पैदल चले और कुछ स्थानों पर वाहन चालकों ने उनकी मजबूरी समझ वाहन से भी छोड़ा।
पुलिस और बैंक कर्मियों की हुई थर्मल स्क्रीनिंग
पुवायां। पुवायां सीएचसी की टीम ने बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिसकर्मियों की थर्मल स्क्रीनिंग की। इस दौरान सफाई पर बल दिया गया। सीएचसी से कोतवाली पहुंची टीम ने गिरजेश गुप्ता, सच्चिदानंद, एसके चौहान, गौरव शुक्ला आदि ने इंस्पेक्टर जसबीर सिंह, एसएसआई संजय शुक्ला, एसआई संदेश यादव, मतीन खां, नागेंद्र सिंह, नरेश चंद्र, महिला सिपाही पिंकी, शिवानी त्यागी सहित 78 पुलिसकर्मियों और होमगार्ड, चौकीदारों की जांच की। इस दौरान टीम ने पुलिसकर्मियों को साबुन से हाथ बार बार धोने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने, मास्क लगाए रखने आदि की सलाह दी। बताया कि बुखार, खांसी आदि की शिकायत होने पर सरकारी अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।
जैतीपुर। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. लईक अहमद के निर्देशन में बृहस्पतिवार को खेड़ा बझेड़ा स्थित सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक में शाखा प्रबंधक समेत स्टाफ की थर्मल स्क्रीनिंग की गई।