शाहजहांपुर। तक्षशिला पब्लिक स्कूल में सोमवार को प्ले ग्रुप का परीक्षा परिणाम समारोहपूर्वक बांटा गया। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने बच्चों को परीक्षाफल के साथ पुरस्कार भी प्रदान किए।
दीक्षांत समारोह के रूप में मनाए गए परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने विद्यालय के निदेशक अरुण खंडेलवाल और प्रबंधक राज कुमार खंडेलवाल के साथ मां सरस्वती और संत त्यागी जी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर किया। इसके बाद बच्चों ने ईश वंदना तेरी ये जमीं-तेरा ये आसमां, स्वागत गीत प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। इसी क्रम में लघु नाटिका, प्रेरणाप्रद गीत, होली गीत समेत कई मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। शिक्षिका राधिका मेहरोत्रा, अपर्णा, अनुप्रिया, प्रियंका सक्सेना, राखी श्रीवास्तव के निर्देशन में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदित्य, आतिफ, आराध्या, अनिका, आद्याविका, आशिमा, काशिफ, ओम, श्रुति, तनिशा, वैष्णवी, अनायशा, अक्षत, आराध्या, अथर्व, दर्शिका, हम्माद, हरलीन, हाविश, मेहरप्रीत, मुकुल चंद्र, सोनाक्षी, आरविका, मिट्ठी, अनुरीत, रिद्धि, उत्सवी, याशिरा, श्रेया, अक्षदा, ख्याति, रूजैना आदि बच्चे शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सरवत खान और संजू जुनेजा के संचालन में हुए कार्यक्रम में प्रधानाचार्य उज्ज्वला सिन्हा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा, बाबर अली समेत बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।