फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमएलसी चुनाव: शाहजहांपुर और पीलीभीत के मतदाता आज चुनेंगे अपना विधान परिषद सदस्रू

विज्ञापन
शाहजहांपुर में एमएलसी चुनाव के मतदान को पोलिंग पार्टियों के साथ शुक्रवार को बूथों पर रवाना होते ? - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। विधान परिषद के पीलीभीत-शाहजहांपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के लिए 27 बूथों पर 4193 मतदाता शनिवार को वोट डालेंगे। मतदान कराने के लिए गठित पोलिंग पार्टियां शुक्रवार दोपहर बाद बूथों पर रवाना हुईं। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम उमेश प्रताप सिंह और उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी आदि अधिकारियों ने मतपत्रों, स्टेशनरी और मतपेटिकाओं का अपने सामने वितरण कराया।
विज्ञापन

एमएलसी चुनाव के लिए जनपद में 18 और पीलीभीत में नौ बूथ बनाए हैं। जनपद के लिए 23 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। इनमेें से पांच पोलिंग पार्टियों को रिजर्व रखा गया है। प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी सहित चार कर्मचारी शामिल किए हैं। उनके साथ मत पेटिकाओं की सुरक्षा के लिए भेजे जाने वाले बीएसएफ के जवान भी सुबह से पहुंचने लगे। जिन कर्मचारियों को कलान, मिर्जापुर, जैतीपुर आदि दूरदराज के क्षेत्रों में जाना था, वे समय से पंडाल में पहुंच गए।
सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह ने वहां अलग-अलग बनाए काउंटरों से कर्मचारियों को मतपत्र, स्टेशनरी, वरीयता अंकित करने के लिए निर्वाचन आयोग से अनुमन्य बैंगनी स्केच पेन आदि का वितरण शुरू करा दिया। बीएसएफ के जवानों की ड्यूटी जारी करने के लिए अलग काउंटर बनाया गया। एक घंटे बाद वहां पहुंचे डीएम और एडीएम ने स्टेशनरी वितरण में देरी होते देख संबंधित कर्मचारियों को यह काम शीघ्रता से करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

उधर, शहर के नजदीकी विकास खंड ददरौल, मिश्रीपुर (भावलखेड़ा), पुवायां, सिंधौली आदि बूथों की पोलिंग पार्टियों से जुड़े कर्मचारी निर्वाचन सामग्री लेने देर से पहुुुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट को इन टीमों से संबंधित पीठासीन अधिकारियों को बार-बार लाउडस्पीकर से नाम लेकर बुलाना पड़ा। संबंधित पीठासीन अधिकारी मतपत्र और वोटर लिस्ट भी प्राप्त करने काउंटरों पर पहुंचे। दोपहर एक बजे के बाद से पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो सकी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अधिकांश पोलिंग पार्टियों से शाम 4.30 बजे तक बूथों पर पहुंचने की सूचना प्राप्त हो गई है।
जीटीआई के स्ट्रांग रूम में आएंगी मतपेटिकाएं
मतदान के बाद शनिवार की शाम सभी मतदेय स्थलों के मतदान दलों की वापसी जललाबाद रोड स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में होगी। क्योंकि वहीं पर समस्त सील्ड रिकार्ड रखने को बनाए स्ट्रांग रूम में मतपेटिकाएं रखी जाएंगी। डीएम ने बताया कि आयोग से नियत कार्यक्रम के अनुसार मतगणना भी 12 अप्रैल को राजकीय पॉलीटेक्निक में कराई जाएगी। जनपद शाहजहांपुर में 2440 और पीलीभीत में 1753 मतदाता वोट डालेंगे।
निष्पक्ष मतदान कराने के डीएम के निर्देश
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान डीएम ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ मतदान कराने के निर्देश दिए। कहा कि चुनाव के लिए प्रभारी अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट, माइक्रो आब्जर्वर, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारियों आदि की तैनाती के साथ उड़नदस्ता टीम और स्थायी निगरानी टीम का भी गठन किया है। डीएम ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव आचार संहिता का पालन करने व शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग देने का अनुरोध किया। बैठक में एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, संयुक्त मजिस्ट्रेट विशाल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, सभी एसडीएम, सीओ आदि मौजूद रहे।
ये हैं प्रत्याशी
भाजपा के डॉ. सुधीर गुप्ता, सपा के अमित यादव रिंकू, निर्दलीय नाजमा बेगम और विश्वदीपक।
ये जनप्रतिनिधि कर सकेंगे मतदान
चुनाव में दोनों जनपदों के ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की संख्या अधिक होने के कारण चुनाव में उनकी भूमिका निर्णायक साबित होगी। उनके अतिरिक्त दोनों जनपदों के सांसद समेत सभी विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और नगर निकायों के सभासद भी मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। शाहजहांपुर की नगरपालिका परिषद व छावनी परिषद पहले से भंग है, इसलिए नगर निगम के 60 पार्षद और छावनी परिषद के सात वार्ड सदस्य मतदान नहीं कर सकेंगे।
इन दस्तावेजों के आधार पर कर सकेंगे मतदान
भारत निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र को जरूरी माना है, लेकिन यदि किसी जन प्रतिनिधि के पास आयोग का पहचान पत्र नहीं तो वह आयोग से निर्धारित अन्य वैकल्पिक दस्तावेज अपनी पहचान के तौर पर पीठासीन अधिकारी को प्रस्तुत कर वोट डाल सकेंगे। इन दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों व डाकघरों से जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय से जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई से जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र, राज्य सरकार, लोक उपक्रम व पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी दस्तावेज, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य को जारी सरकारी पहचान पत्र और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड शामिल हैं।
अर्ध सैन्य बल और पुलिस निगरानी में रहेंगे बूथ
एसपी एस. आनंद ने के मुताबिक हर केंद्र पर पैरामिलेट्री फोर्स के पांच जवानों के साथ पुलिस के 20 सिपाही भी तैनात किए जाएंगे। जनपद में 18 बूथों पर शनिवार को मतदान होगा। प्रत्येक बूथ पर पैरामिलेट्री फोर्स के जवान बूथ परिसर में पुलिस के जवान बाहर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। उन्होंने बताया कि हर बूथ के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई। इसके अलावा जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल अधिकारी भी लगाए गए हैं।

शाहजहांपुर के जिला पंचायत कार्यालय में एमएलसी चुनाव को मतदान के लिए बूथ तैयार करते कर्मचारी। सं?- फोटो : SHAHJAHANPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें