शाहजहांपुर में सोमवार को दोपहर गर्म हवा के थपेड़ों से बचने को चेहरे पर गमछा लपेटकर स्कूटी से जाती
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सूरज की तीखी धूप और शुष्क पछुआ हवा के गठजोड़ से गत कई दिन से जारी गर्मी का प्रकोप सोमवार को चरम स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, बीती शाम आसमान साफ होने और आर्द्रता में मामूली वृद्धि से रात में न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम होकर 20.6 डिग्री सेल्सियस हो गया, लेकिन सोमवार को जैसे-जैसे दिन चढ़ा, सूरज आग उगलने लगा और दिन में अधिकतम तापमान गर्मी के चालू सीजन में 40.5 डिग्री सेल्सियस के उच्चतम बिंदु पर पहुंच गया।
इससे पहले अप्रैल माह में ही चार और आठ तारीख को भी भीषण गर्मी से दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच चुका है। यही नहीं, दो दिन पहले वायुदाब में भारी गिरावट के कारण पश्चिमी विक्षोभ मजबूत होने से रात में बादल छाए तो बीते शनिवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस हो गया था। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में 40 डिग्री से अधिक तापमान इसी वर्ष हुआ। क्योंकि पिछले साल 14 अप्रैल को तापमान 40.2 डिग्री के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था। सोमवार को सुबह सूर्योदय के बाद से सूरज ने तपिश बिखेरनी शुरू की तो लोगों ने जरूरी काम तेजी से निपटाने के साथ घरों की राह लेनी शुरू कर दी।
गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह के अनुसार इस वर्ष मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी दस्तक दे चुकी है। इसलिए मौसम का चक्र समय से पहले चल रहा है। उनका कहना है कि थर्मामीटर का पारा इसी तरह उछलता रहा तो अगले सप्ताह तक बादल और बूंदाबांदी से मौसम में कुछ दिन बदलाव दिख सकता है, लेकिन बाद में गर्मी के साथ उमस का प्रकोप बढ़ेगा और मानसून सीजन भी समय से पहले शुरू होने से इनकार नहीं किया जा सकता।