खुटार थाने के गेट पर खड़े इसी ट्रक से चोरी हुआ डीजल। संवाद
खुटार। पुलिस अभिरक्षा में खुटार थाने के गेट पर खड़े एक ट्रक से कार सवार चोर 350 लीटर डीजल चोरी कर ले गए। डीजल चोरी से पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज न कर घटना काे संदिग्ध बताकर किरकिरी से बचने का प्रयास कर रही है।
खुटार-पूरनपुर रोड पर एक ईंट भट्ठे के पास 24 अप्रैल को ट्रक और कार की टक्कर हो गई थी। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर थाने के गेट के पास खड़ा करा लिया था। ट्रक चालक झारखंड के जिला टांडानगर जमशेदपुर निवासी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे तक वह जागता रहा। बाद में ट्रक के केबिन में सो गया। बुधवार सुबह उठने पर ट्रक के डीजल टैंक का ढक्कन खुला मिला। पता चला कि टैंक में भरा 350 लीटर डीजल चोरी हो चुका है।
मुकेश के अनुसार पुलिस ने थाने में लगे सीसी कैमरे चेक किए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो लोगों ने कार ट्रक के पास खड़ी कर डीजल चोरी की है, लेकिन पुलिस ने तहरीर लेने से मना कर दिया है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी ले लिया है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार के अनुसार डीजल चोरी की घटना संदिग्ध है। जहां ट्रक खड़ा है, वहां पर सीसी कैमरों की कवरेज नहीं है। चालक झूठ बोल रहा है कि उसे डीजल चोरी करने वाले दो लोग और कार दिखाई गई है। मामले में जांच चल रही है।