शाहजहांपुर। कोरोना वायरस के चलते देश में हुए लाक डाउन का पालन कराने के लिए पुलिस कार्रवाई अमल में ला रही है। लॉक डॉउन का उल्लंघन करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। वहीं चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने वाहनों की तलाशी भी ले रही है। बिना वजह घूम रहे लोगों के वाहनों के चालान किए जा रहे हैं और सीज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
एसपी डॉ एस चनप्पा ने बताया कि जनपद में लॉक डॉउन का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। जनपद की सभी सीमाओं पर बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस बल तैनात किया गया है। गैर जनपदों से आने वाले किसी भी वाहन को बिना चेक किए या बिना किसी जायज कारण के अंदर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। शहर के भीतर प्रत्येक चौराहे एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी ने बताया कि लाक डाउन उल्लंघन के अब तक 331 अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें 790 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 684 गिरफ्तारियां हुई हैं। 20629 बाइकों को चेक किया गया है। 4463 चालान किए गए हैं। वहीं कुल 239 बाईकों को सीज किया गया है।
भीड़ लगाने और पुलिस को देख भागने वाले 11 लोगों पर रिपोर्ट
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक किरण पाल सिंह ने बताया कि अशफाक नगर पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा रामेंद्र सिंह ने गश्त के दौरान मोहल्ला हाथीथान तिराहे पर भीड़-भाड़ एकत्रित देखी। पुलिस ने जब उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो सभी आरोपी भाग गए। पूछताछ में पता चला कि मोहल्ला दिलाजाक निवासी रामनाथ, अरविंद, दिलशाद मोहल्ला हाथीथान निवासी आमिर, गयाप्रसाद, फुरकान, समीर हसन, रिजवान, भूपेंद्र मोहल्ला सैनिक कॉलोनी निवासी मोनिस खान, मोहल्ला जलालनगर निवासी शरीफ हसन सामाजिक दूरी का पालन न करते हुए लॉक डॉउन का उल्लंघन कर रहे थे। सभी के खिलाफ धारा 188, 269, 270, 271 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।
लाक डॉउन का कड़ाई से पालन कराने के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है। अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किए जा रहे हैं। वहीं पुलिसकर्मियों को मरीजों के लिए रियायत बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई गंभीर रोगी अस्पताल जाना चाहता है और उसके पास कोई साधन नहीं है। ऐसे में पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचाने में उसकी मदद करेंगे। सोशल डिस्टेंस का भी ध्यान रखा जा रहा है। - डॉ. एसॅ चन्नप्पा एसपी शाहजहांपुर।