शाहजहांपुर। अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) भर्ती के लिए मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। 80 पदों के लिए 261 आवेदन किए गए हैं, जिसमें 23 निरस्त कर दिए गए हैं।
परिषदीय विद्यालयों में सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के लिए हर विकास क्षेत्र में पांच एआरपी बनाए जाते हैं। अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषय के लिए चुने जाते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रश्न पत्रों को तैयार कराया गया है। एआरपी बनने के लिए 261 शिक्षकों ने आवेदन किया है। इसमें 23 आवेदन निरस्त होने के बाद 238 शिक्षक मंगलवार को जीआईसी में परीक्षा में शामिल होंगे। डीसी प्रशिक्षण रोहित सिंह ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में एक विषय का एआरपी होता है। इस तरह प्रत्येक ब्लॉक में पांच एआरपी चुने जाएंगे। एआरपी को स्कूल में जाकर पढ़ाने के बजाय प्रतिदिन दो विद्यालयाें का निरीक्षण कर विद्यालयों को निपुण बनाने में सहयोग करना होता है। परीक्षा का परिणाम भी बुधवार तक आने की संभावना है।