पुवायां। कांग्रेस पार्टी का पुवायां विधानसभा क्षेत्र में दो दर्जन बूथों पर खाता तक नहीं खुल सका। बसपा प्रत्याशी भी दस बूथों पर एक भी वोट नहीं पा सके। भाजपा को सबसे कम दो वोट ऊधौपुर में मिले हैं, तो सपा को सबसे कम नौ वोट बालागंज मुवलिक सराय में मिले हैं। जीते और हारे प्रत्याशी कम वोट मिलने की समीक्षा करने में जुटे हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी कई बूथों पर नहीं खोल सकी खाता
कांग्रेस का नवदिया बंकी, नरौठा देवीदास, धर्मापुर, हसनपुर, धीमरपुरा, बंडा प्रथम के छह बूथ, ढका घनश्याम, भूपतपुर, नरायनपुर, गुनहा जमीने खमरिया, महोलिया वीरान, रायपुर पटियात, रौतापुर कलां, उमरिया कल्यानपुर, सबलापुर, नाहिल, करनापुर, सकरापुर, लखोहा, हादयाल कूंचा के बूथों पर खाता नहीं खुल सका। इसके अलावा 49 बूथों पर कांग्रेस को एक-एक वोट मिला है। कांग्रेस 473 में 417 बूथों पर दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। कांग्रेस को सबसे ज्यादा 67 वोट जुझारपुर के बूथ पर मिले हैं। यहां कांग्रेस प्रत्यशी अनुज कुमारी के गांव तितुरा के लोगों ने वोट डाले हैं।
बसपा प्रत्याशी भी कई बूथों पर नहीं कर सके बोहनी
बसपा बरकलीगंज, कुइयां महोलिया, धर्मापुर, बंडा प्रथम, अंडहा, बसखेड़ा बुजुर्ग, बेला छेदा, कटका, गंगाई, कटरा बाजार, कसभरा तहसील के बूथों पर खाता तक नहीं खुल सका। 21 बूथों पर बसपा को एक-एक वोट मिला है। 168 बूथों पर बसपा प्रत्याशी उदयवीर सिंह दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सके।
बालागंज में सपा को मिले केवल नौ मत
सपा प्रत्याशी उपेंद्र पाल को सबसे कम बालागंज मुवलिक सराय में नौ, बरगदिया में 12 वोट ही मिल सके। दो दर्जन बूथों पर उन्हें 50 से भी कम वोट मिले। सपा को मोहद्दीनपुर के एक बूथ पर 44, टोडरपुर तालुके चांदपुर में 15, लुहिची में 47, रसूलपुर मुवकिल देवकली में 34, अखत्यारपुर धौकल के एक बूथ पर 33, भगवंतापुर में 47, श्यामपट्टी में 14, चिकटिहा में 41 रजमना के एक बूथ पर 29, रसवां कलां में 37, नवदिया जमीने ढुकरी में 33, कुभिया माफी में 37, नाहिल के एक बूथ पर 45, जिगनिसा मुजप्ता में 48, चौसेड़ा के एक बूथ पर 27, फरेंदा बरा में 23, कटका में 41, छावनी हरदयाल कूंचा में 48, कसभरा अस्तल में 34, जठियापुर खुर्द में 44, पसिगनपुर में 28 वोट ही मिल सके।
चेतराम जीते, लेकिन कई बूथों पर मिले कम वोट
भाजपा प्रत्याशी चेतराम को ऊधौपुर में दो, जादौंपुर कलां और गहलुइया में 12-12, भपतपुर में 16, बालेमऊ में 10, मरौरी जप्ती में 17, ठुर्रा में 30, बिलसिया दौलतपुर के एक बूथ पर 13, कैमहरिया के एक बूथ पर 19, करनापुर के एक बूथ पर दस, सकरापुर के एक बूथ पर 20, बढ़ौरा के एक बूथ पर 16, दूसरे पर 21, औरंगगाबाद के एक बूथ पर 22, वोट ही मिल सके।
खुद को वोट नहीं दे सके सपा-बसपा प्रत्याशी
सपा के टिकट पर चुनाव लड़े उपेंद्र पाल सिंह ब्लॉक खुदागंज कटरा के गांव ढकिया रघा मजरा ईश्वरा के मूल निवासी हैं। वह शाहजहांपुर शहर में भी रहते हैं। बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े उदयवीर सिंह कांट थाना क्षेत्र के गांव मझारी के मूल निवासी हैं। उनका आवास शाहजहांपुर के मोहल्ला बीबीजई हद्दफ पक्का तालाब में भी है। दोनों प्रत्याशी खुद को वोट नहीं दे सके।