घटनास्थल पर लोगों से जानकारी करतीं एसडीएम
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में कसरक रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूरी पर शनिवार तड़के रेलवे ट्रैक पर गोवंशीय पशुओं का झुंड अचानक ट्रेन के सामने आ गया। लगभग 20 गोवंशीय पशुओं की कटकर मर गए। बाद में जेसीबी से गड्ढा खोदवाकर पशुओं को दफन करा दिया गया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे राष्ट्रीय गोरक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अजीत शर्मा ने घटना पर नाराजगी जाहिक की। साथ ही डीएम को घटना से अवगत कराया। संपूर्ण समाधान दिवस से एसडीएम अंजलि गंगवार, सीओ प्रयांक जैन, तहसीलदार जयप्रकाश यादव, नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी, बीडीओ खुदागंज, नगर पंचायत कटरा की ईओ कल्पना शर्मा और थाना प्रभारी कटरा गौरव त्यागी मौके पर पहुंच गए।
तहसीलदार जयप्रकाश यादव ने बताया कि दो जेसीबी मंगाकर कुछ दूरी पर गड्ढा खोदवाकर पशुओं को दफन करवाया गया है। अजीत शर्मा ने आरोप लगाया कि खेतों में रखवाली करने वाले ग्रामीण पशुओं को रेल लाइन की ओर भगा देते हैं। उन्होंने दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम अंजलि गंगवार ने मामले की जांच करवाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।