शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा का इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम आने के बाद डिग्री कॉलेजों में प्रवेश को लेकर मारा-मारी शुरू हो जाएगी। स्वामी शुकदेवानंद (एसएस) स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पर्याप्त सीटें होने के कारण छात्र-छात्राओं को प्रवेश में दिक्कत नहीं होगी। उनका प्रवेश आसानी से हो जाएगा। वहीं, दूसरी तरफ कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है। विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन दल का गठन भी किया गया।
एसएस कॉलेज में बीए में 1280, एमए में 360, एमएमसी में 240, एमकॉम 180, एमएड 50, बीएससी गणित में 320, बीएससी बायोलॉजी में 160, बीसीए में 80, बीकॉम में 320, बीकॉम ऑनर्स में 180, बीकॉम फाइनेंस में 80, बीकॉम कम्प्यूटर में 80, बीबीए में 80, बीएड में 100, पीडीजीसीए में 80 और बीकॉम में 80 सीटें, उपलब्ध हैं।
1964 में बीए की कक्षाओं के साथ हुआ था कॉलेज का सफर
स्वामी शुकदेवानंद महाराज ने आठ मार्च 1964 में गर्रा नदी के तट के पास कॉलेज की स्थापना की थी। उस समय बीए प्रथम वर्ष की कक्षाएं संचालित होती थीं। 1965 में बीएड, बीएससी की कक्षाएं संचालित हुईं। 1985 में बीकॉम की कक्षाएं शुरू हुईं। स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के अध्यक्ष पद संभालने के बाद 1993 में एमएड, एमकॉम विषय में प्रवेश लेने का विद्यार्थियों को मौका मिला। 2003 में पुस्तकालय व वाचनालय का पूर्ण कायाकल्प, 2004 में अंत: क्रीड़ाओं के लिए इंडोर स्टेडियम बना। 2021-22 में वणिज्य विभाग के अंतर्गत बीकॉम कम्प्यूटर, बीकॉम रिटेल, बीकॉम टैक्सेशन, बीकॉम टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी प्रारंभ करने की योजना है।
कॉलेज से पढ़कर सैकड़ों ने पाया ऊंचा मुकाम
शहर के आधे से अधिक चार्टेड एकाउंटेंट एसएस कॉलेज के छात्र रहे हैं, अनेक बैंक मैनेजर हैं। कई महाविद्यालयों में और विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर हैं। कई इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हैं। बड़ी संख्या में कॉमर्स के छात्र कनाडा और जर्मनी में हैं। सीए अजय गुप्ता, विनय कपूर, पवन दीप, नितिन रस्तोगी, आकाश, सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी सिद्धार्थनगर के प्रोफेसर डॉ. दीपक बाबू, ख्वाजा मोइनुद्दीन विश्वविद्यालय लखनऊ के प्रोफेसर डॉ. मनीष कुमार, पीजी कॉलेज बिजनौर के प्रोफेसर डॉ. राजीव अग्रवाल, बरेली कॉलेज बरेली के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दयाराम, विवेकानंद डिग्री कॉलेज पुवायां के प्राचार्य डॉ. मोहित निगम, जीएफ कॉलेज के वाणिज्य के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शबाहत हुसैन, इवेंट मैनेजर दक्षिणा मिश्रा, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के स्टाफ मैनेजर सावन कुमार, लेक्चरर डॉ. नागेश पांडेय आदि ने एसएस कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की है।
कॉलेज के पास पर्याप्त सीटें हैं। पाठ्यक्रम के विस्तार के परिणामस्वरूप अवस्थित कक्षों की आपूर्ति के लिए कॉलेज में 41 पूर्ण सुसज्जित कक्षों से युक्त द्वितीय तल का निर्माण कराया है। स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमों की स्थायी व अग्रतर संबद्धता प्राप्त हो चुकी है। सभी कक्षाओं में दस प्रतिशत सीट आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए कोटे में बढ़ाई जा सकती हैं। -डॉ. अनुराग अग्रवाल, प्राचार्य