किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान
प्रेम संबंध उजागर होने पर उठाया आत्मघाती कदम
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
प्रेम संबंधों की जानकारी होने के बाद किशोरी ने मंगलवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव घर के अंदर कमरे में दुपट्टे से कुंडे के सहारे लटका मिला। पड़ोस में ब्याही बहन की ननद अचानक घर पहुंची, तब मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आत्महत्या के कारण की पुलिस अभी जांच कर रही है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय किशोरी के अहमदपुर रेती निवासी एक युवक से संबंध हो गए। इस बात की जानकारी जब किशोरी के परिजनों को लगी तो उन्होंने विरोध किया लेकिन उनका मिलना-जुलना कम नहीं हुआ। इस पर किशोरी के परिजनों ने युवक को समझाया कि किशोरी से शादी करनी है, तो ठीक है, यदि नहीं करनी है तो फिर संबंध खत्म कर दे। इस पर वह चुप हो गया। इसके बाद किशोरी के परिजनों ने उसे खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद युवक चला गया। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने मंगलवार सुबह दुपट्टे से गले में फांसी का फंदा बनाया और घर के अंदर कमरे में कुंडे से लटक गई। कुछ देर बाद पड़ोस में ब्याही बहन की ननद किशोरी के घर गई, तब मामले की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के परिजनों का कहना है कि युवक ने शादी करने से मना कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। उधर, थानाध्यक्ष प्रवेश सिंह ने बताया कि दोनों नाबालिग हैं, इसलिए शादी हो ही नहीं सकती। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आत्महत्या के कारण की गहराई से जांच की जा रही है। मृतका की मां की मौत हो चुकी है। पिता पंचर की दुकान करता है। दो बहनों ब्याह गईं हैं। एक छोटी बहन कक्षा नौ में पढ़ती है। घटना के समय वह घर पर अकेली थी।