शाहजहांपुर। बच्चे का शव घर ले जाने को शव वाहन मुहैया न कराए जाने के मामले में जेडी डॉ. नरेंद्र कुमार ने जांच के बाद बृहस्पतिवार को रिपोर्ट एडी हेल्थ डॉ. प्रमिला गौड़ को सौंप दी है। अब यह रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो सकती है।
सोमवार को शहर के मोहल्ला बीवीजई हद्दफ निवासी शकील के नौ साल के बेटे अफरोज की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। अफरोज का शव घर ले जाने को उसकी मां राबिया को यहां शव वाहन नहीं मिला। वह शव गोद में लेकर घूमती रही। बाद में लोगों ने चंदा करके पिकअप वाहन से शव घर भिजवाया था। मामला सुर्खियों में आने के बाद इसकी गूंज शासन तक पहुंच गई। डीजी ने एडी हेल्थ से रिपोर्ट तलब कर दी। डीएम अमृत त्रिपाठी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप दी। सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार बुधवार को ही रिपोर्ट डीएम को सौंप चुके हैं। बुधवार को जेडी डॉ. नरेंद्र कुमार ने शाहजहांपुर पहुंच कर ईएमओ डॉ. अनुराग पाराशर समेत स्टाफ के बयान लिए थे। एडी हेल्थ ने बताया कि रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। शासन स्तर से मामले में कार्रवाई होगी।