शाहजहांपुर में 11वीं के छात्र ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि छात्र अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने जाना चाहता था, लेकिन परिवारवालों ने उसे रोक दिया। इससे नाराज होकर उसने जान दे दी।
शाहजहांपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र के पैना बुजुर्ग गांव निवासी जंगी सिंह के 17 वर्षीय पुत्र शिवा फंदे से लटक गया। छत का बल्ब बंद होने पर मां गई तो छोटे बेटे की मदद से उसे नीचे उतारा। परिजन आनन-फानन उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
नियामतपुर स्थित फूल सिंह शिक्षा निकेतन कॉलेज में दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद शिवा ने 11वीं कक्षा में प्रवेश लिया था। सोमवार को वह ऋषिकेश जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। जानकारी होने पर परिजनों ने उसे डांट लगाते हुए वापस बुला लिया था।
मां से मांगे थे एक हजार रुपये
बृहस्पतिवार की रात उसने अपनी मां रिंकी से ऋषिकेश जाने को एक हजार रुपये की मांग की थी। मां ने मना कर दिया था। कुछ देर नाराज होने के बाद वह सामान्य हो गया। इस बीच शिवा उठा और ताऊ भूरे सिंह के पोर्शन से छत पर बने बरामदे में पहुंचा। उसने छत का बल्ब बंद कर दिया और बरामदे में पंखे के कुंडे में रस्सी का फंदा डालकर लटक गया।
विज्ञापन
अचानक अंधेरा होने पर खाना बना रहीं रिंकी को शक हुआ। वह तुरंत जीने का ताला खोलकर ऊपर पहुंची तो बेटा फंदे से लटका मिला। छोटे बेटे की मदद से उतारने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से दो भाई व एक बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।