बरेली-दिल्ली हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक शाहजहांपुर जनपद के मीरानपुर कटरा क्षेत्र के निवासी थे।
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल्ली हाईवे पर सतुईया पट्टी के पास दिल्ली से शाहजहांपुर अपने पैतृक गांव जा रहे बाइक सवार दो युवकों की डिवाइडर से टकराने के बाद दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक शाहजहांपुर के थाना मीरानपुर कटरा के गांव ऊखरी निवासी रचित (उम्र 29 वर्ष) और गांव का ही दोस्त निर्मल सिंह के परिजन पिछले काफी समय से दिल्ली में रहते हैं। शुक्रवार को दोनों किसी काम बाइक से दिल्ली से अपने पैतृक गांव शाहजहांपुर जा रहे थे। वे बृहस्पतिवार रात को दिल्ली से निकले थे।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हाईवे के सतुईया पट्टी के पास पहुंचने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गांव मामद गंज निवासी उनके रिश्तेदार हिमांशु सिंह ने बताया कि दोनों युवक की शादी हो चुकी थी। उनके बच्चे भी हैं। उनकी मौत से परिवारों में कोहराम हुआ है।