पूर्वांचल के सोनभद्र और मिर्जापुर में शनिवार को बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। चार लोग झुलस गए।
सोनभद्र के घोरावल क्षेत्र के भैरवा निवासी संजय (16) शनिवार शाम को करीब चार बजे साइकल से लकड़ी लेने खिरिहटा गया था। इस दौरान बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घोरिया गांव के रूपनाथ (30) और धरमौली गांव की फूल कुमारी (16) की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। लाली गांव में रामपति (50) की बिजली गिरने से मौत हो गई। इसी तरह, करमा थाना क्षेत्र के चकफूलवरी गांव में शनिवार को साढ़े तीन बजे बिजली की चपेट में आने से राहुल (12) की मौत हो गई।
मिर्जापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के सिकरा कला निवासी महेंद्र कुमार (35) शनिवार की दोपहर धान की नर्सरी की सिंचाई करते समय बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गए। जिला चिकित्सालय लेकर जाने पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लालगंज थाना क्षेत्र के बोदा खुर्द गांव निवासी एक ही परिवार की शिवकुमारी (45), संतरा (27) और सुमन (16) शनिवार की दोपहर मजदूरों को खाना पहुंचाने खेत पर गई थीं।
लौटते समय डेढ़ बजे तीनों जैसे ही अपने घर के पास पहुंचीं, तभी तेज आवाज के साथ गिरी बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं। परिवार के लोग तीनों को जिला चिकित्सालय ले गए। चिकित्सक ने शिवकुमारी को मृत घोषित कर दिया। संतरा और सुमन को भर्ती कर लिया। इसी थाना क्षेत्र के कटाईया निवासी हिमांशु (9) शनिवार की दोपहर विद्यालय से लौटते समय बिजली की चपेट में आकर झुलस गया। क्षेत्र के देवरी दुबार की पूजा (30) पत्नी कृपाशंकर भी बिजली गिरने से झुलस गई।