संतकबीरनगर जिले के कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने गुरुवार की देर शाम मकान की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटक कर जान दे दी। पीड़ित परिजनों ने एक युवक की प्रताड़ना से तंग आकर बेटी के जरिए आत्मघाती कदम उठाए जाने का आरोप मढ़ा है।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी युवक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने युवती से प्रेम संबंध होने की बात बताई।
कोतवाल विजय नारायन प्रसाद के मुताबिक, प्लाईवुड की दुकान चलाने वाले आरोपी ने पूछताछ में बताया कि कुछ साल पहले उसका युवती से संबंध हुआ था। अक्सर दोनों मोबाइल पर बातचीत करते थे। युवती उससे शादी करना चाहती थी लेकिन उसके घर वाले तैयार नहीं थे।
आरोपी ने बताया कि उसे अपनी छोटी बहन की शादी करनी है। इसी वजह से वह युवती से कुछ समय की मांग कर रहा था। इसी बीच युवती ने आत्महत्या कर ली। जबकि पीड़ित परिजनों का आरोप है कि युवक ने उसकी बेटी को काफी प्रताड़ित किया।
बेटी ने अपना मान-सम्मान बचाने के लिए आत्मघाती कदम उठा लिया। आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकाल कर जांच की जाए तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी।
कोतवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। विवेचना से जो तथ्य सामने आएंगे, आगे उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।