संतकबीरनगर। पहली बार यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा में कम नंबर मिलने पर छात्रों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। इस बार बोर्ड की ओर से पांच में से एक विषय में इंप्रूवमेंट परीक्षा देने का मौका मिलेगा। यह व्यवस्था नए सत्र से लागू हो जाएगी। बोर्ड के इस प्रस्ताव से छात्र-छात्राओं में खुशी देखी जा रही है।
डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि इंटरमीडिएट के 25,848 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इस बार बोर्ड की ओर से नया प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसकी मंजूरी मिलनी है। इसी साल से इंटर के पांच विषयों में से एक विषय में इंप्रूवमेंट परीक्षा शुरू करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। बताया कि मंजूरी मिलते ही इसी साल अप्रैल अंत में परिणाम घोषित होने के बाद इसके आवेदन लिए जाएंगे।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि यह व्यवस्था लागू होने से निश्चित तौर पर हम लोगों को इसका फायदा मिलेगा। यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल शहर के अचकवापुर निवासी ने हिमांशु चौधरी ने बताया कि परीक्षा के दौरान कई छात्र तबीयत खराब होने के अलावा कई अन्य कारणों के चलते परीक्षा में शामिल नहीं हो पाते हैं। इतना ही नहीं कई बच्चों के नंबर भी कम हो जाते हैं। ऐसे में दोबारा सुधार का मौका मिलना सभी के अच्छा होगा।