- बीडीओ ने पत्र जारी कर 15 दिन में कार्य उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पौली। क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों में काम न मिलने से नाराज मनरेगा मजदूर संघ से जुड़े मजदूरों ने मंगलवार को पौली ब्लाॅक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। मजदूरों ने चेतावनी दिया कि यदि काम नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्रधान और सचिव सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। इस बीच बीडीओ ने मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सचिवों और रोजगार सेवकों को पत्र जारी कर 15 दिन के भीतर ग्राम पंचायतों में कार्य उपलब्ध कराने की बात कही।
संगठन के सलाहुद्दीन खान ने बताया कि बीते चार माह पहले बीडीओ से काम की मांग किए थे, लेकिन किसी मजदूर को काम नहीं मिला। जबकि कई ग्राम पंचायतों में काम चल रहा है। मजदूर रामचंद्र, रामस्वरुप, राममिलन, कंतलाल, लालमन, झिनकान, गुड्डी, सुभावती, प्रेमा, सुनीता, इंद्रावती आदि ने कहा कि काम के लिए अर्जी लगाते-लगाते थक चुके हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ब्लाॅक कर्मी गुमराह कर मांगों को नजरअंदाज कर दे रहे हैं।