दो घंटे फार्मासिस्टों ने किया कार्य बहिष्कार
संतकबीरनगर। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने ग्रेड पे वेतनमान, प्रभार भत्ता बढ़ाने, पद नाम बदलने, दवा लिखने का अधिकार देने समेत 20 सूत्री मांगों के लिए चल रहे आंदोलन के क्रम में बुधवार को दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। फार्मासिस्टों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुईं तो वे लोग 17 दिसंबर से पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार शुरू करेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय चौधरी और मंत्री नित्यानंद त्रिपाठी ने कहा कि फार्मासिस्ट संवर्ग में अराजपत्रित पदों पर कार्यरत फार्मासिस्टों को पद योग्यता एवं कार्य दायित्व के अनुरूप वेतन प्रदान किया जाए। चीफ फार्मासिस्ट का वेतनमान बढ़ाया जाए। एलोपैथिक चिकित्सकों की अनुपस्थिति में फार्मासिस्टों को मिलने वाले भत्ते को बढ़ाया जाए। फार्मासिस्ट का नाम फार्मेसी अधिकारी और चीफ फार्मासिस्ट का पद नाम चीफ फार्मेसी अधिकारी किया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की अनुपस्थिति में चिकित्सीय कार्य कर रहे फार्मासिस्टरों को विधिक मान्यता दी जाए। इसके साथ ही दवा लिखने का अधिकार दिया जाए। उन्होंने कहाकि उनकी 20 मांगे है, जिसको लेकर वह दो घंटे कार्य बहिष्कार कर रहे है। उसके बाद भी सरकार मांगे नहीं मानती है तो 17 दिसंबर से 19 दिसंबर तक पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार होगा। 20 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। इस दौरान रमेश यादव, राम सजीवन, फैज अहमद, राघवेंद्र गुप्ता, लाल बहादुर यादव, जगदीश पांडेय, विजय कुमार श्रीवास्तव, अब्दुल कादिर, रामकिशोर आदि मौजूद रहे।