संतकबीरनगर। मिशन शक्ति के तहत बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने महिलाओं व बालिकाओं में पंफलेट बांट कर उन्हें के प्रति जागरूक किया। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए ग्राम चौपाल का आयोजन किया।
सभी थानों की एंटी रोमियो टीम ने बाजार, सार्वजनिक स्थलों पर जाकर बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन को सुरक्षा की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम व उनके अधिकारों की रक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में बताया और इन सेवाओं के उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के राउतपार व गड़सरपार, महिला थाना ने समय माता मंदिर, बरदहिया बाजार, दुधारा के कस्बा बाघनगर, उसराशहीद व ऊंचहरा, धनघटा थाना के ग्राम सुरैना, गागरगाड़ व बंडा बाजार, महुली के पक्ता चौक व महुली बाजार, मेंहदावल के मोहल्ला ब्रम्हचारी, बारागद्दी व पुरवा, बेलहरकला के झुड़िया और धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के पुनया व रैधरपार गांव में महिलाओं, बालिकाओं व स्कूली छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित पंफलेट प्रदान कर जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से कहा कि वह निडर होकर अपनी बात रखें और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।