मार्ग दुर्घटना में मृत कतवारी देवी की फाइल फोटो
नाथनगर। महुली थाना क्षेत्र के बस्ती-महुली मार्ग पर घोरहट गांव के निकट सोमवार दोपहर अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से घायल महिला की बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मंगलवार को परिजन दाह संस्कार की तैयारी में जुट गए। थाने में किसी ने तहरीर नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार, महुली थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव की 60 वर्षीय कतवारी देवी पत्नी अनंत राम सोमवार को बड़े बेटे मुन्ना प्रसाद के साथ साइकिल से पीएनबी सिक्टहा आई थी। बैंक से पैसे निकाल कर वह पैदल जा रही थी। इसी दौरान अज्ञात चार पहिया वाहन चालक ने टक्कर मार कर वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने कतवारी देवी को एंबुलेंस से सीएचसी नाथनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी हालत नाजुक होने पर बीआरडी गोरखपुर भेज दिया गया। रास्ते में कतवारी देवी की मौत हो गई। परिजन शव का अंतिम संस्कार में जुट गए। मृतका के तीन पुत्र मुन्ना प्रसाद, विजय कुमार, राम विजय हैं। चार बेटियों में तीन का विवाह हो चुका है। छोटी बेटी अर्चना की शादी नहीं हुई है। एसओ महुली रजनीश राय ने बताया कि उनको किसी ने तहरीर नहीं दी है।