महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर में मंगलवार सुबह नल पर बर्तन धुल कर रही 45 वर्षीय महिला के ऊपर पड़ोसी की दीवार गिर गई। नीचे दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर लेकर गए। वहां चिकित्सको ने महिला की मौत होने की पुष्टि कर दी। परिजन शव को घर लेकर पहुंचे।
ग्राम काली जगदीशपुर निवासी हरि प्रसाद हरिजन वर्तमान समय मे बंगलौर में है। घर पर उनकी पत्नी छोटे बेटे के साथ रहती थी। मंगलवार को पत्नी संजू देवी (45) नल पर बर्तन साफ कर रही थी। इसी दौरान बरसात के पानी से नमी खा चुकी पड़ोसी राम मुनित के घर की कच्ची उसके ऊपर भरभराकर गिर गई।
जिससे वह मलबे के नीचे दब गई। हो हल्ला सुनकर लोग पहुंच गए। अथक प्रयास से उसे बाहर निकाला गया। लोग महिला को सीएचसी नाथनगर लेकर गए। चिकित्सको ने संजू देवी की मौत होने की पुष्टि कर दी। लोग मृतक संजू का शव लेकर वापस घर पहुंचे।
मृतक का बड़ा बेटा अविनाश बीएड कर रहा है। मझला बेटा पॉलिटेक्निक की तैयारी कर रहा है। छोटा बेटा अमन घर पर ही हाईस्कूल में पढ़ रहा है। पति के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद दाह संस्कार किया जाएगा। आकस्मिक मौत से ग्रामीण गमगीन हैं। घटना की सूचना हल्का लेखपाल को दे दी गई है।