संदिग्ध हाल में महिला की मौत
मगहर। कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर कठार गांव की रहने वाली एक महिला की शुक्रवार को संदिग्ध हाल में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पूर्व प्रधान रविंद्र यादव ने बताया कि मोहम्मदपुर कठार निवासी 25 वर्षीय प्रीति पत्नी राजू चौहान की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन महिला को जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। घटना की सूचना पर महिला के मायके के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल की ओर से भेजा गया मेमो मिला। इसमें अज्ञात पदार्थ खाने की वजह से महिला की मौत होना बताया गया। महिला की संदिग्ध हाल में मौत होने की वजह से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो