संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के परसा झकरिया गांव में जमीन विवाद में महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी निर्मला देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पटीदार सुभाष, उनके पुत्र राज, पटेल तथा पत्नी तारामती देवी आए दिन गाली-गलौज करते हैं। आरोप है कि पहले भी कई बार उसके घर में घुसकर मारपीट की गई।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसके मकान के सहन में भैंस बांधकर साग-सब्जी को नुकसान पहुंचाते हैं। तहरीर के अनुसार, आठ अगस्त की शाम करीब सात बजे जमीन के विवाद में आरोपी उसके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि इसके बाद घर में घुसकर निर्मला देवी और उनकी बेटी चांदनी के साथ मारपीट की गई। घटना में दोनों को चोटें आईं।
एसओ अमित कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद