गर्मी में बढ़ा लोड तो हांफने लगी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था
विद्युत कटौती के साथ लोकल फाल्ट से जूझ रहे उपभोक्ता
हल्की हवा चलने पर ही बाधित हो जा रही बिजली आपूर्ति
संतकबीरनगर। गर्मी के मौसम में बिजली की डिमांड बढ़ी है। इससे लोड बढ़ गया है। ऐसे में लोकल फाल्ट के मामले बढ़ गए हैं। बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी विद्युत निगम के जिम्मेदार आपूर्ति व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कदम उठाते नहीं दिख रहे हैं।
विद्युत निगम के आंकड़े पर गौर करें तो जिले को 36 मिलियन यूनिट बिजली की दरकार है। जबकि आपूर्ति सिर्फ 24 मिलियन यूनिट की है। करीब 12 मिलियन यूनिट की प्रतिमाह की कमी से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। स्थिति यह है कि बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इसका कारण जर्जर तार व ट्रांसफार्मर लोड झेल नहीं पा रहे हैं।
बिजली की आवाजाही के चलते पंखा, कूलर बेकार साबित हो रहे हैं। लोकल फाल्ट की समस्या बनी हुई है। एक जगह विद्युत कर्मी लोकल फाल्ट ठीक कर रहे हैं तो दूसरी जगह फाल्ट हो जा रहा है। रात्रि कालीन कटौती के चलते उपभोक्ताओं को नींद पूरी नहीं हो पा रही है तो दिन में उमस भरी गर्मी से उपभोक्ताओं का सुख-चैन छिन गया है। यह स्थिति शहर से लेकर गांव तक बनी हुई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों को मात्र सात से आठ घंटे बिजली मिल पा रही है। जबकि शहरी क्षेत्र को 12 से 14 घंटे आपूर्ति हो पा रही है। इसमें भी बार-बार बाधा खड़ी हो रही है। विद्युत उपभोक्ता रविंद्र यादव, रामफल, सुजीत कुमार आदि का कहना है कि उमस भरी गर्मी में बिजली की मनमानी कटौती से काफी दिक्कत हो रही है।
विद्युत निगम के अधिशाषी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति उपभोक्ताओं को निर्वाध गति से मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। विद्युत कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां पर भी फाल्ट हो, उसे तत्काल ठीक करें।