- कसैला, गोला बाजार, हनुमानगढ़ी, गौसपुर में उलझे हैं तार
- कनेक्शन देने के लिए बाॅक्स तक नहीं लगाए
- लोकल फाल्ट होने पर कर्मियों को ढूंढने में लग रहा समय
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर में जर्जर तारों का मकड़जाल है। इसे अभी तक व्यवस्थित नहीं किया गया है। कनेक्शन देने के लिए बाॅक्स तक नहीं लगाए हैं। इससे हादसे का खतरा बना है। बिजलीकर्मियों को घंटों फाल्ट ठीक कराने में लग जाते हैं।
बिजली निगम का दावा है कि शहर में जर्जर व पुराने बिजली के तार बदले जा रहे हैं। इनके स्थान पर एबी केबल लगाए जा रहे हैं, लेकिन तार व पोल बदलने की रफ्तार काफी धीमी है। शहर के कसैला, गोला बाजार, हनुमानगढ़ी, गौसपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में तारों का मकड़जाल है। तार आपस में इस कदर उलझे हुए हैं कि फाल्ट हो जाने पर यह पता ही नहीं चल पाता कि कहां गड़बड़ी है। ऐसे में लोगों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है।
इसके अलावा नई बस्तियों में बांस-बल्ली के सहारे बिजली की आपूर्ति हो रही है। एसडीओ खलीलाबाद केएन शुक्ला का कहना है कि पुराने व जर्जर तारों को बदलकर केबल के तार लगाए जा रहे हैं। जल्द ही इस समस्या से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।