जिले के ढाई सौ स्कूलों में जलभराव, शिक्षण कार्य ठप
- स्कूल परिसर में लगा है पानी, आवागमन में हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बुधवार से लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के 250 स्कूलों में जलभराव हो गया है। जिससे इन स्कूलों में पठन-पाठन पूरी तरह से ठप हो गया है। जलभराव के चलते इन स्कूलों में आना जाना बंद हो गया है। अब जलभराव समाप्त होने के बाद ही पठन पाठन शुरू हो पाएगा।
बुधवार और बृहस्पतिवार को लगातार बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे परिषदीय विद्यालयों में भी जलभराव हो गया है।
खलीलाबाद के जूनियर हाईस्कूल, प्राथमिक विद्यालय उस्का, सेमरियावां के कंपोजिट विद्यालय बाघनगर, बुढ़ाननगर, करही, बजहरा, देवरियालाल, दुधारा, गंगैचा, कोहरियावां, महुआरी, डिघवा, मोहम्मद गढ़, भरवलियाबूधन, सालेहपुर, ठोका, कांटेढेस, दानोकुइयां, कानपारा, सेमरियावां, पचदेउरा- प्राथमिक विद्यालय सेहुड़ा, सुजिया, घोड़ी,जाता, दरिया बाद, गरथौली, टेमारहमत, चाईखुर्द, खम्हरिया, डड़वामाली, परसोहिया, खड़ंजा- उच्च प्राथमिक विद्यालय मुसरद, रजापुर सरैया, उमिला, पौली के प्राथमिक विद्यालय रीठा समेत कुल 250 विद्यालयों में जलभराव हो गया है।
इन विद्यालयों में पठन-पठन पूरी तरह से ठप हो गया है। बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि विद्यालयों में जलभराव हुआ है। वहां पर बच्चों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। जिसकी वजह से पठन-पाठन ठप है। जलभराव समाप्त होने के बाद उन विद्यालयों में शिक्षण कार्य शुरू होगा।