जिले में 54.39 फीसदी लोगों ने किया मतदान
- 50 जगहों पर वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट की खराबी से एक घंटे प्रभावित रहा मतदान
- पुलिस की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण महौल में संपंन कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण माहौल में 54.39 फीसदी मतदान हुआ। वैसे करीब 50 जगहों पर वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट के खराब होने से आधे से एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। जिसे प्रशासन ने बदलवा दिया और वोटिंग प्रक्रिया में व्यवधान नहीं आया।
जिले के खलीलाबाद, मेंहदावल, धनघटा विधानसभा सीटों पर पूर्वाह्न सात बजे मतदान शुरू हुआ। सुबह नौ बजे तक 6.76 प्रतिशत मतदान हुआ। 11 बजे मतदान का प्रतिशत बढ़ कर 20 .74 प्रतिशत हो गया था। एक बजे तक 34.33 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि तीन बजे तक मतदान का बढ़कर 44 .42 प्रतिशत हो गया। शाम पांच बजे तक 51.14 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम छह बजे तक वोट पड़ा और 54 .39 फीसदी लोगों ने मतदान किया
मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 341 बनकटा पर वीवीपैट खराब होने की वजह से 40 मिनट विलंब से मतदान शुरू हुआ। जबकि बूथ संख्या 367 कुसौना कला में वीपीपैट की खराबी से 30 मिनट मतदान रुका रहा। बूथ संख्या 34 सेवहा चौबे में खराबी की वजह से दो बार वीवीपैट बदलना पड़ा। इसी तरह मेंहदावल क्षेत्र में 18 जगह वीवीपैट,चार जगह बैलेट यूनिट और चार जगह कंट्रोल यूनिट में खराबी आई। जिसे प्रशासन ने बदलवा कर मतदान को आगे बढ़ाया। मेंहदावल क्षेत्र के बूंदीपार, बखिरा, मेडरापार, अमरडोभा समेत कई गांवों में मतदाता सूची में लोगों का नाम दर्ज नहीं होने से लोगों ने नाराजगी जताई।
धनघटा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 207 पर तिलकूपुर में वीवीपैट की खराबी से करीब सवा घंटे तक मतदान बाधित रहा। यहां आठ बजे मतदान शुरू हो पाया। बूथ संख्या सात परसहर में वीवीपैट की खराबी से आधा घंटे मतदान विलंब से शुरू हुआ। बूथ संख्या 292 धनघटा में तीन बार वीवीपैट को बदलना पड़ा। कोचरी में भी वीवीपैट खराब हुई तो बदलनी पड़ी। बूथ संख्या 177 गिठनी में वीवीपैट की खराबी से 25 मिनट बाद मतदान शुरू हुआ। यहीं के बूथ संख्या 178 पर वीपीपैट खराब होने से एक घंटे मतदान बाधित रहा। धनघटा क्षेत्र में 15 जगह वीवीपैट खराब हुआ। जिससे प्रशासन ने बदलाया। बंतवार में बसपा के समर्थकों ने कुछ लोगों पर वोटरों को धमका कर मतदान करने से रोकने की शिकायत प्रशासन से की तो प्रशासन ने सूझबूझ से मामला शांत कराया। विधानसभा खलीलाबाद के बिगरामीर में नौ बजे वीवीपैट की बैट्री डाउन हो गई तो बैट्री बदलानी पड़ी। खलीलाबाद में नौ जगह वीवीपैट खराब हुई।
डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि जिले में कुल 54.39 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिसमें खलीलाबाद विधानसभा में 54.56 प्रतिशत, मेंहदावल विधानसभा में 52.73 प्रतिशत, धनघटा विधानसभा में 56.16 प्रतिशत मतदान शांतिपूर्ण माहौल में हुआ। अराजकतत्वों पर पुलिस की सतर्क दृष्टि रही।