सेमरियावां। ब्लाॅक क्षेत्र के टेमारहमत-सेमरियावां मार्ग को नव्वागांव चौराहे पर जोड़ऩे वाला नव्वागांव- सफियाबाद मार्ग बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। लोगों को आने-जाने में दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को साफियाबाद में प्रदर्शन किया और सड़क की मरम्मत की मांग की।
लोगों ने कहा कि नव्वागांव- सफियाबाद मार्ग लगभग 1.5 किलोमीटर लंबा है। बाघनगर की ओर से सफियाबाद गांव तक सड़क निर्माण कार्य हो चुका है। सफियाबाद से नव्वागांव चौराहे तक सड़क बदहाल है, लेकिन मरमत नहीं कराई जा रही है। सड़क की गिट्टियां उखड़ कर बिखरी पड़ी हैं। इससे आना-जाना मुश्किल हो गया है।
यह सड़क बाघनगर, उंचहराकला, बुढ़ाननगर, वासिन, पुरवां, भंगुरा, भाटपारा, निपनिया, सिसईमाफी, सैथवलिया सुटेहरा, महुआरी, हड़हा, सफियाबाद, बैरिहवां, परसादपुर आदि गांरों को जोड़ती है। साफियाबाद, हड़हा, उंचहराकला, बैरिहवां आदि गांव के लोगों का दैनिक जरूरतों के लिए प्रतिदिन नव्वागांव व सेमरियावां बाजार आना-जाना होता है। सफियाबाद गांव के ग्राम प्रधान मुशीर अहमद ने सड़क पर ईंट के टुकड़े डालकर सड़क को कुछ हद तक चलने लायक बनाया, लेकिन अब भी सड़क से होकर आना-जाना परेशानी बढ़ा रहा है। ऐसे में सुफियान अहमद, इफ्तेखार अहमद, खुर्शीद अहमद, बुधिराम, मो. आलम, इसरार अहमद, मो. सलमान के नेमृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया और सड़क की मरम्मत की मांग की।