खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बालूशासन के पास रविवार की सुबह मेंहदावल से खलीलाबाद आ रहा चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गया। जिससे वाहन में बैठे चार यात्री घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां घायलों का उपचार हो रहा है।मेंहदावल से एक वाहन में सवार होकर कुछ यात्री खलीलाबाद आ रहे थे।
अभी वाहन बालूशासन के पास पहुंचा था कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। जिससे वाहन पेड़ से टकराकर पलट गया। इस दुर्घटना में घायल प्रभु पुत्र हरकू निवासी कौवाठोड़, जालंधर पुत्र सुभचयन, राकेश पुत्र गोपाल निवासी कौवाठोड़, एजाज अहमद पुत्र अनवर अली निवासी सई बुजुर्ग ने बताया कि मेंहदावल टैक्सी स्टैंड से सभी लोग सवार होकर खलीलाबाद आ रहे थे। घायलों का कहना है कि वहलोग एफसीआई में लेबर का काम करते हैं।