संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल समेत मंगलवार को जिले के 11 स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोनारोधी टीकाकरण शिविर का आयोजन हुआ। केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोग उमड़े। हालांकि कुछ केंद्रों पर वैक्सीन खत्म होने के बाद कतार में लगे लोगों को लौटना पड़ा। जिले में टीकाकरण का कुल लक्ष्य 22,160 रखा गया था। जिसके सापेक्ष 21,740 लोगों को टीका लगाया गया।
सीएमओ ने बताया कि कोविड -19 टीकाकरण के तहत मंगलवार की सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक टीकाकरण किया गया। जिले के जिला अस्पताल, सीएचसी खलीलाबाद, पीएचसी पौली, सीएचसी नाथनगर, सीएचसी सांथा, सीएचसी सेमरियावां, सीएचसी मेंहदावल, सीएचसी हैंसर, पीएचसी बेलहर, पीएचसी बघौली और उप स्वास्थ्य केंद्र मगहर पर टीका लगाया गया। खलीलाबाद सीएचसी पर टीकाकरण का कुल लक्ष्य 3700 रखा गया था। जिसके सापेक्ष 3700 लोगों को टीका लगाया गया। इस केंद्र पर देर शाम तक टीकाकरण हुआ। टीकाकरण कराने आए रामजीत सिंह, जय सिंह, लक्ष्मण, गणेश, श्याम शुक्ला आदि ने बताया कि करीब एक घंटे तक लाइन में लगे रहे तब जाकर टीका लगा है। इसी तरह से सीएचसी नाथनगर परभी टीकाकरण के लिए भीड़ लगी रही। वहां पर देर शाम तक टीकाकरण होता रहा। सीएचसी के अंतर्गत महुली स्थित प्राथमिक विद्यालय पर भी कोरोना शिविर लगाया गया था। जहां पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके साथ ही लोगों ने धक्का मुक्की भी की। पुलिस के आने पर लोग लाइन में लगे। इसी तरह से खलीलाबाद के चकदही में शिविर लगाया गया। यहां पर 550 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। पीएचसी बघौली पर टीकाकरण शिविर लगाया गया। मेंहदावल सीएचसी पर लगे शिविर में लोगों की भीड़ लगी रही। सुरक्षा को लेकर पुलिस कर्मी जमे रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरडी गौरव ने बताया कि टीकाकरण देर शाम तक चला।
सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के 11 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। कुछ स्थानों पर देर शाम सात बजे के बाद भी वैक्सीन लगाई गई। जिन केंद्रों पर वैक्सीन खत्म हो गई थी और कतार में लोग थे, वहां पर लोगों केे अगले दिन बुलाया गया है। केंद्रों पर भीड़ के कारण कुछ परेशानी तो हुई, पर सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक टीकाकरण कार्य चला।