शाहपुर। सीएचसी सिरसिया क्षेत्र के 28 गांवों में बुधवार को छाया एकीकृत टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित एएनएम की ओर से 409 बच्चों को टीकाकरण के साथ ही 178 गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांच और टीकाकरण किया गया।
अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र मणि ओझा ने भड़रिया गांव पहुंचकर टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया। मौके पर एएनएम, आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित मिलीं। एएनएम के पास अपडेटेड ड्यू लिस्ट व टीकाकरण के लिए आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थी। अधीक्षक ने ग्रामीणों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि बच्चों को कई जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए लिए वैक्सीन बहुत जरूरी है। अधीक्षक ने ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड बनवाने की सलाह दी तथा बताया कि आयुष्मान कार्ड से प्रति वर्ष पांच लाख का इलाज सरकारी व गैर सरकारी पंजीकृत अस्पतालों में करवाया जा सकता है। अधीक्षक ने एएनएम को निर्देशित किया कि गर्भवतियों का पंजीकरण हर हाल में एक माह सात दिन के भीतर करना सुनिश्चित करें और गर्भावस्था के पहली तिमाही में खाने के लिए फोलिक एसिड की गोली जरूर उपलब्ध करवाएं। इस दौरान साधना सिंह, गिरिजा देवी, मालती, सोनिया, प्रीति, कृष्णावती, रेनू आदि मौजूद रही।