संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जनपद के विद्यालयों के सुचारु संचालन के लिए समस्त बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्यों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को बैठक हुई।
बैठक में उपस्थित सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा स्कूली वाहन से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। समस्त प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया गया कि ने अपने विद्यालयों को स्कूली वाहन निगरानी पोर्टल पर विद्यालय को ऑनबोर्ड किए जाने हेतु 15 अप्रैल तक अनिवार्य वाहन संबंधी डाटा अपलोड करा दें। यदि किसी विद्यालय के पास स्कूल वाहन उपलब्ध नहीं है तो वह भी निगरानी पोर्टल पर विद्यालय को आनबोर्ड करते हुए स्कूली वाहन उपलब्ध न होने का शपथ पत्र अपलोड कर दें।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि विद्यालयों में उत्तर प्रदेश स्व वित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन), अधिनियम 2018 के अंतर्गत निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही शुल्क एवं अन्य कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओ का नामांकन कराया जाए। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थाओं में बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों से पठन-पाठन कराए जाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी द्वारा बैठक में एजेंडा बिंदुओं की बिंदुवार समस्त प्रबंधक, प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया कि परिवहन विभाग द्वारा विकसित स्कूली वाहन पोर्टल पर डाटा निर्धारित तिथि तक अपलोड कराएं।
स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओ का नामांकन कराया जाए, कोई भी छात्र-छात्रा ड्रापआउट न होने पाए। कुछ प्रधानाचार्यों द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता का स्थानीय दुकानों पर अभाव है, जिसके क्रम में जिलाधिकारी द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि बोर्ड से पत्राचार कर बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित प्रबंधक, प्रधानाचार्यों से अपील किया गया कि अपने आसपास बिना मान्यता प्राप्त किए संचालित विद्यालयों के संबंध में सूचना मुझे प्राप्त कराई जाए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह सहित जनपद में संचालित समस्त शिक्षा बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य आदि उपस्थित रहे।