संतकबीरनगर। बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की जा रही है। पांच स्तर से परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी। शासन, माध्यमिक शिक्षा परिषद, मंडलीय अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी व शिक्षा विभाग के अधिकारी ऑनलाइन केंद्रों की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।
जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए 113 केंद्र बनाए गए हैं। 24 फरवरी से परीक्षा शुरू हो रही है। यहां पर 55,388 परीक्षार्थी नामांकित हैं। जिसमें हाईस्कूल के 28,138 और इंटरमीडिएट के 27,250 परीक्षार्थी शामिल हैं। केंद्रों पर नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को शासन स्तर पर, माध्यमिक शिक्षा परिषद, मंडल स्तर, जिला प्रशासन स्तर व माध्यमिक शिक्षा विभाग के कंट्रोल रूम से जोड़ने का काम पूरा कर लिया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से कैमरों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। केंद्रों की 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है।