संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की ओर से जिले में बनाए गए 80 परीक्षा केंद्रों पर 113 आपत्तियां मिलीं। इन सभी के निस्तारण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
आपत्तियों का निस्तारण के बाद बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। उम्मीद है कि यह सूची पांच नवंबर तक जारी हो जाएगी।
डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में 80 परीक्षा केंद्रों की सूची बोर्ड की ओर से जारी की गई थी। इन परीक्षा केंद्रों की सूची को वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई थी। बोर्ड ने इस पर 28 अक्तूबर तक आपत्ति मांगी थी, ताकि किसी भी स्तर पर कोई शिकायत नहीं रह जाए।
आपत्ति दर्ज कराने के लिए 28 अक्तूबर की देर शाम तक 113 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई।
इसमें करीब तीन जीआईसी को केंद्र से हटाने की मांग है क्योंकि यहां पर कोई व्यवस्था नहीं है। इसी तरह से कई लोगों ने दूर परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर आपत्ति की है। वहीं कुछ लोगों ने छात्र संख्या से अधिक आवंटन पर आपत्ति की है।
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार इसमें कुछ केंद्र कट सकते हैं और नए केंद्रों को जोड़ा जा सकता है। आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निस्तारण के बाद इसे जिला स्तर पर गठित समिति के समक्ष रखा जाएगा। उसके बाद उसकी सूची बोर्ड मुख्यालय को भेजी जाएगी। वहां से अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। मालूम हो कि जिले से इस बार बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 52870 विद्यार्थी में शामिल होंगे।
इसमें हाईस्कूल में 28,213 और इंटरमीडिएट में 24,657 परीक्षार्थी हैं। डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है। इसको बोर्ड को भेजा जाएगा। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची को परिषद के स्तर से जारी किया जाएगा। इसके बाद ही आगे की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इस कार्य में पूरी गंभीरता और सतर्कता बरती जा रही है।े