अल्ट्रासाउंड केंद्रों की करें निगरानी : डीएम
कलेक्ट्रेट सभागार में प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण निगरानी समिति की बैठक हुई
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण निगरानी समिति की बैठक हुई। जिसमें प्रसव पूर्व लिंग की जांच सामने आने पर अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर केस दर्ज करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
डीएम रवीश गुप्त ने कहा कि अगर किसी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण का मामला सामने आए तो उस सेंटर को तो सीज किया ही जाएगा, सेंटर के संचालक की डिग्री भी निरस्त कर दी जाएगी। खामी मिलने पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी अल्ट्रासाउंड सेंटर हैं, वे अपना रिकार्ड मेंटेन रखें। इसको किसी भी समय चेक किया जा सकता है। सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह ने कहा कि अगर कोई अल्ट्रासाउंड सेंटर किसी भी व्यक्ति का अल्ट्रासाउंड करता है तो वह उससे फार्म एल जरूर भरवाएं तथा अपने रिकार्ड में रखे। साथ ही उसको ऑनलाइन भी करें। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. मोहन झा, सीएमएस डॉ. पंकज टंडन, डॉ. ए के सिन्हा, डॉ. उमा श्रीवास्तव, डॉ. वी के चौधरी के साथ ही जिले के अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालक मौजूद रहे।